Chhattisgarh

महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन–5 में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की ईदगाहभाठा जलागार का निरीक्षण, अवैध कनेक्शन व टेल-एंड जलापूर्ति की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश

Share this Post

महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन–5 में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की

ईदगाहभाठा जलागार का निरीक्षण, अवैध कनेक्शन व टेल-एंड जलापूर्ति की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश

रायपुर ।  नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे आज नगर निगम जोन क्रमांक–5 कार्यालय पहुँचीं, जहाँ उन्होंने क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की गहन समीक्षा की। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी टंकी की क्षमता के अनुसार किन क्षेत्रों में जल आपूर्ति की जा रही है, कितने अवैध नल कनेक्शन हैं, इसकी विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जोन–5 कार्यालय में आयोजित बैठक में महापौर ने एमआईसी सदस्य श्री दीपक जायसवाल, श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय, जोन–5 अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल, पार्षद श्री अजय साहू एवं श्री आनंद अग्रवाल से वार्डवार पेयजल समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों से तथ्यात्मक रिपोर्ट लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने वार्ड पार्षदों एवं नगर निगम अधिकारियों की उपस्थिति में पुरानी एवं नई ईदगाहभाठा पानी टंकी (जलागार) का निरीक्षण कर पेयजल वितरण व्यवस्था की प्रत्यक्ष स्थल समीक्षा की।

[news_related_post]

महापौर ने निर्देशित किया कि गर्मी के पूर्व जिन वार्डों में अभी से कहीं-कहीं पेयजल की समस्या सामने आ रही है, वहाँ संबंधित अधिकारी तत्काल संबंधित वार्ड पार्षद के साथ स्थल निरीक्षण कर समस्या का त्वरित समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी घरों में टेल-एंड तक पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु प्रतिदिन सतत मॉनिटरिंग प्राथमिकता के साथ की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि राजधानी रायपुर में नगर निगम जलकार्य विभाग द्वारा प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में जलप्रदाय किया जा रहा है, जिसे तकनीकी रूप से सुव्यवस्थित और संतुलित वितरण प्रणाली के माध्यम से सभी क्षेत्रों तक पहुँचाना आवश्यक है। उन्होंने उत्तम वाल्व मैनेजमेंट सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

महापौर ने अवैध नल कनेक्शनों के नियमितीकरण हेतु अभियान चलाकर कार्रवाई, टुल्लू पंपों की जब्ती, पाइपलाइन लीकेज एवं गंदे पानी की समस्या सामने आते ही तत्काल टीम भेजकर स्थल ट्रेसिंग एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही गर्मी के मद्देनज़र अभी से पुख्ता तैयारी और आवश्यक होमवर्क करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक एवं निरीक्षण के दौरान नगर निगम रायपुर के अधीक्षण अभियंता श्री पी. राजेश नायडू, श्री राजेश राठौर, जोन–5 कमिश्नर श्री खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता (जल) श्री नरसिंह फरेन्द्र, श्री अंशुल शर्मा, श्री शेखर सिंह, जोन–5 सहायक राजस्व अधिकारी श्री प्रमोद जाधव, सहायक अभियंता श्री दीपक देवांगन, उप अभियंता श्री रमेश पटेल, श्री शुभम तिवारी सहित अन्य अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *